फरीदाबाद, 02 मई । फोन का ज्यादा इस्तेमाल करने पर माता-पिता द्वारा डांटने से दो नाबालिग बच्चे अपने घर से भाग निकले, जिन्हें पुलिस चौकी नवीननगर ने मात्र दो घण्टे से बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। ओम एनक्लेव पार्ट वन अगवानपुर निवासी एक व्यक्ति ने रविवार सुबह पुलिस चौकी नवीन नगर को सूचना दी गई कि उनकी लडक़ी 16 वर्षीय और लडक़ा 14 वर्षीय घर से बिना बताए कहीं चले गए हैं। प्रभारी पुलिस चौकी नवीन नगर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों एएसआई विक्रम, एएसआई अनीता और सिपाही बिलाल की टीम गठित कर जल्द से जल्द बच्चों को तलाश करने के लिए प्रत्येक संभव प्रयास किए। समय पर कार्यवाही करने पर पुलिस टीम को मात्र 2 घंटे में सफलता हाथ लगी और दोनों नाबालिग बच्चों को दिल्ली के मीठापुर से बरामद किया गया। पुलिस चौकी नवीन नगर प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्चे मोबाइल का ज्यादा इस्तेमाल करते थे बच्चों के माता-पिता ने इस पर उनको डांट लगा दी थी। जिस पर दोनों भाई बहनों ने घर छोडऩे की ठान ली और बिना किसी को बताए घर से सुबह निकल गए। पुलिस चौकी नवीन नगर टीम ने दोनों बच्चों को परिजनों के हवाले कर उनके चेहरे पर मुस्कान लौटाने का कार्य किया है। बच्चों के माता-पिता ने तहे दिल से पुलिस कर्मियों का धन्यवाद किया है। प्रभारी पुलिस चौकी ने बच्चों के माता-पिता को समझाया कि बच्चों को समझाने का तरीका बदलें, डॉट की बजाय प्यार से समझाने की कोशिश करें। बच्चों की प्रत्येक गतिविधियों पर ध्यान रखें।
