Faridabad : एक ओर बहुत से लोग इस आपदा को अपने लिए अवसर बना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसे लोगों की भी कमी नहीं है, जो इस संकट को अपने लिए सेवा का अवसर मान रहे हैं। ऐसे ही एक शख्स का नाम है रोहित जैन, जोकि ग्रेटर फरीदाबाद में स्थित शानदार दिल्ली पब्लिक स्कूल के मालिक हैं। डीपीएस स्कूल के मालिक रोहित जैन ने कोरोना संकट में एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने अपने स्कूल की शानदार और भव्य बिल्डिंग को कोरोना मरीजों के प्रति समर्पित कर दिया है। एक ओर फरीदाबाद जिले में जहां प्राईवेट और सरकारी कोविड सेंटर पूरी तरह से भर गए हैं। वहीं दूसरी ओर डीपीएस जैसे हाईप्रोफाईल स्कूल को कोविड सेंटर बनाना अपने आप में साहसिक कदम कहा जा सकता है।
डीपीएस में लगाए गए हैं 200 बैड
वहीं दूसरी ओर रोहित जैन ने अपने स्कूल को कोविड सेंटर में बदल दिया है। ऐसा कदम उठाना अपने आप में बड़ी बात कही जा सकती है। सिटीमेल से बात करते हुए श्री जैन ने बताया कि उन्होंने अपने स्कूल को कोरोना मरीजों के प्रति समर्पित कर दिया है। इसके चलते उन्होंने स्कूल की बिल्डिंग में 200 बैड का कोविड सेंटर बना दिया है। प्रत्येक बैड पर ऑक्सीजन की व्यवस्था भी की गई है, साथ ही मरीजों को दवा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। हैरत की बात है कि यह सभी सुविधा पूरी तरह से निशुल्क रहेंगी।
अस्पतालों के लिए धक्के खा रहे हैं लोग
बता दें कि इससे फरीदाबाद के उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जोकि अपने कोविड मरीजों को लेकर एक से दूसरे अस्पताल में धक्के खा रहे हैं। लाखों रुपए देने के बावजूद मरीजों को अस्पताल में भर्ती नहीं किया जा रहा। सरकारी कोविड सेंटर ईएसआई के दरवाजे भी मरीजों के लिए बंद कर दिए हैं। क्योंकि ईएसआई पूरी तरह से फुल हो गया है। इसलिए वहां नए मरीजों के लिए नो एंट्री की सूचना लगा दी गई है।
रोहित जैन से लेनी चाहिए प्रेरणा
ऐसे में डीपीएस के मालिक रोहित जैन की दरियादिली से लोगों को खासी राहत महसूस हो सकती है। रोहित जैन ने बताया कि इस सुविधा को शुरू करने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। वह अपनी ओर से किसी भी मरीज की सेवा में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। सलाम है ऐसे शख्स को जिन्होंने अपने स्कूल को कोविड सेंटर में बदल दिया है। रोहित जैन से उन लोगों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए, जोकि साधन संपन्न होने के बावजूद इस संकट की घड़ी में देश की सेवा करने की बजाए चुप्पी साधे हुए हैं।
पवन खन्ना ने की प्रशंसा
इस बीच ग्रेटर फरीदाबाद स्वर्ग आश्रम के उपाध्यक्ष पवन खन्ना ने बताया कि इस समय स्थिति बेहद ही विकटपूर्ण हैं। प्रतिदिन स्वर्ग आश्रम में कोविड बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। श्री खन्ना ने कहा कि ऐसे संकट पूर्ण समय में डीपीएस स्कूल के मालिक रोहित जैन की वह प्रशंसा करते हैं। जिन्होंने अपने स्कूल को कोविड सेंटर में बदल दिया है। श्री जैन से प्रेरणा लेकर बाकि लोगों को भी ऐसे नेक काम के लिए सामने आना चाहिए।
