घर से नाराज होकर निकली नाबालिक लडक़ी को पुलिस ने किया सकुशल बरामद

फरीदाबाद, 12 अप्रैल । देहरादून की रहने वाली 15 वर्षीय नाबालिक लडक़ी के परिजनों को ढूंढकर उसके परिजनों तक पहुंचाने में फरीदाबाद पुलिस ने अहम भूमिका निभाई है। थानाक्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक लडक़ी काफी परेशान अवस्था में दिखाई दी। महिला पुलिसकर्मी ने लडक़ी को परेशान देखकर उसकी मदद करने के उद्देश्य से लडक़ी को प्यार से अपने पास बैठाया और उसके बारे में पूछताछ की। लडक़ी अपने परिजनों के बारे में कुछ भी बताने में असमर्थ थी। काफी देर तक लडक़ी के साथ बातचीत करने के पश्चात महिला पुलिसकर्मी ने उसे अपने विश्वास में लिया जिसके पश्चात लडक़ी ने देहरादून स्थित अपने स्कूल का पता महिला पुलिसकर्मी को बताया। लडक़ी के स्कूल का पता चलने के पश्चात पुलिस टीम ने देहरादून स्थित लडक़ी के स्कूल में संपर्क किया और उन्हें लडक़ी के बारे में बताया जिसके पश्चात स्कूल से लडक़ी के परिजनों का पता व फोन नंबर प्राप्त हुआ। पुलिस टीम ने लडक़ी के परिजनों को फोन करके लडक़ी के बारे में सूचना दी। लडक़ी की सूचना मिलते ही उसके परिजनों के चेहरे पर रौनक आ गई। उन्होंने बताया कि लडक़ी घर से नाराज हो कर चली गई थी और वह उसकी काफी समय से तलाश कर रहे थे। इसके पश्चात लडक़ी के परिजन उसे लेने के लिए फरीदाबाद आए और लडक़ी द्वारा उसके परिजनों की पहचान करने के पश्चात लडक़ी को सकुशल उनके परिजनों के हवाले किया गया। इसके साथ ही उन्हें हिदायत दी गई कि इस उम्र में बच्चे जल्दी किसी व्यक्ति के बहकावे में आ जाते हैं। अपराधिक व्यक्ति इसका फायदा उठाकर उन्हें गलत रास्ते पर धकेल सकते हैं इसलिए वह अपने बच्चों के साथ शांति पूर्वक तरीके से बात करें और उनका ख्याल रखें।