फरीदाबाद, 23 मार्च : इंडिया ऑयल कॉरपोरेशन ने शिरडी साई बाबा स्कूल को भेंट की बस। गरीब बच्चों को नि:शुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के निदेशक ए.एस.बी. रामकुमार ने सीएसआर के तहत स्कूल चेयरमैन डॉ. मोतीलाल गुप्ता को अशोक लेलैंड बस प्रदान की। उन्होंने स्कूल के प्रयासों, स्टाफ एवं प्रबंधन समिति की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि डॉ. मोतीलाल गुप्ता की मेहनत और अथक प्रयासों से शिरडी साई बाबा स्कूल आज गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को बेहतरीन शिक्षा प्रदान कर रहा है। शिरडी साई बाबा स्कूल फरीदाबाद अंग्रेजी मडियम में शिक्षा के साथ-साथ भोजन, वर्दी, किताबें व कॉपियां प्रदान कर रहा है। इसके अतिरिक्त स्कूल में बच्चों को छोडऩे और ले जाने की व्यवस्था भी है। इस अवसर पर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के सभी मुख्य अधिकारी उपस्थित थे। आई.ओ.सी.एल. गत कई वर्षों से साईधाम को सहयोग प्रदान करता रहा है। चेयरमैन डॉ. मोतीलाल गुप्ता ने आईओसीएल द्वारा किए गए सहयोग के लिए कंपनी का आभार जताया और कहा कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड कंपनी सदैव सहयोग प्रदान करती रहती है। इनके द्वारा किए गए सहयोग से हमें हिम्मत एवं प्रेरणा मिलती है, जिसका उपयोग हम बच्चों को शिक्षित करने में लगाते हैं। संस्था की तरफ से डॉ. मोतीलाल गुप्ता अध्यक्ष, श्रीमती बीनू शर्मा प्रिसिंपल, रोहित रूंगटा जनरल सैक्रेटरी, संदीप सहगल ट्रेजरार आदि ने इंडियन ऑयल कंपनी का बहुत अभार व्यक्त किया।
