सर्वप्रिय भारत/फरीदाबाद 8 अप्रैल
केंद्र सरकार द्वारा रिटायर्ड कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग में पेंशन में लाभ न देने का संसद में बिल पास किया गया है। उसके विरोध में रिटायर्ड कर्मचारी फरीदाबाद में 10 अप्रैल को नगर निगम कार्यालय में कन्वेंशन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें फरीदाबाद के रिटायर्ड कर्मचारी भारी संख्या में भाग लेंगे। कन्वेंशन को रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष श्री वजीर सिंह, अखिल भारतीय कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुभाष लांबा एवं प्रदेश के उप प्रधान श्री यू . एम. खान तथा श्रीमती आशा शर्मा संबोधित करेंगे।
रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान नवल सिंह एवं जिला सचिव लज्जाराम एवं प्रेस सचिव सत्यपाल नरवत ने बताया कि रिटायर्ड कर्मचारी संघ लंबे समय से अपनी मांगों को मनवाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। रिटायर्ड कर्मचारियों की मांगों में मुख्य रूप से कैशलेस चिकित्सा सुविधा, चिकित्सा भत्ता ₹3000 प्रति माह करना, काॅम्यूटेशन पेंशन की रिकवरी 15 साल की बजाय 10 साल में करना, पेंशन में 65 साल,70 साल, 75 साल बाद बढ़ोतरी करना, फैमिली पेंशनर्स को एल. टी. सी. का लाभ देना, वरिष्ठ नागरिकों को रेलवे एवं हवाई यात्रा में पहले की तरह छूट देना आदि शामिल हैं सरकार इन मांगों को पूरा करने के लिए अपनी कुंभकर्णी नींद से नहीं जग रही है और ऊपर से जले पर नमक छिड़कने का काम केंद्र सरकार ने दिनांक 25.03.2025 को संसद में जो बिल पास किया है कि 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर्ड हुए कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग का लाभ नहीं दिया जाएगा। जिसको लेकर रिटायर्ड कर्मचारियों में भारी गुस्सा है। रिटायर्ड कर्मचारी संघ ने फैसला किया है कि प्रत्येक जिले में कन्वेंशन करेंगे और बड़े आंदोलन की घोषणा करके सरकार को मुंहतोड़ जवाब देंगे।
