विशेषज्ञों के मुताबिक – थैलेसीमिया की रोकथाम के लिए जन्म से पहले बच्चे की जांच जरूरी
सर्वप्रिय भारत/फरीदाबाद
8 मई 2023: फरीदाबाद के अमृता अस्पताल के एक प्रमुख डॉक्टर ने जानकारी देते हुए कहा कि थैलेसीमिया के मामले में सरकार और समाज का लक्ष्य इलाज के बजाय रोकथाम पर होना चाहिए, क्योंकि इस ब्लड डिसॉर्डर का इलाज बहुत महंगा और कष्टदाई है।
अमृता अस्पताल के हेमेटोलॉजी और बीएमटी विभाग के प्रमुख डॉ. (प्रो.) प्रवास मिश्रा ने कहा, “आज समाज के सामने थैलेसीमिया की चुनौती का एकमात्र समाधान थैलेसीमिया बच्चे के जन्म से बचना है। जब कोई महिला गर्भवती होती है तो उसे इस रोग की जांच करानी चाहिए। यदि वह कैरियर पाई जाती है तो पति का भी परीक्षण किया जाना चाहिए। यदि दोनों पॉजिटिव पाए जाते हैं, तो अजन्मे भ्रूण का परीक्षण आवश्यक है। यदि भ्रूण प्रभावित पाया जाता है, तो माता-पिता गर्भपात के विकल्प पर विचार कर सकते हैं और थैलेसीमिक बच्चे के जन्म को टाल सकते हैं। चूँकि थैलेसीमिया एक आनुवंशिक रूप से फैलने वाली बीमारी है, बच्चा या तो थैलेसीमिक या कैरियर होगा। एक कैरियर बच्चा बीमारी से पीड़ित नहीं होता है।”
थैलेसीमिया एक आनुवंशिक ब्लड डिसऑर्डर है, जो माता-पिता दोनों से बच्चों में फैलता है, जिसके परिणामस्वरूप हीमोग्लोबिन कम हो जाता है, और शरीर की लाल रक्त कोशिकाएं, जो शरीर की सभी कोशिकाओं तक ऑक्सीजन ले जाती हैं, ठीक से काम नहीं कर पाती हैं। इससे एनीमिया हो जाता है, जिससे रोगी को थकान या सांस लेने में तकलीफ महसूस होती है। गंभीर एनीमिया शरीर के अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके अलावा, बार-बार रक्त चढ़ाने से आयरन की मात्रा बढ़ जाती है, जिसे यदि ढंग से मैनेज नहीं किया जाता है, तो यह अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है।
डॉ. (प्रो.) प्रवास मिश्रा ने कहा, “थैलेसीमिया के बोझ को कम करना महत्वपूर्ण है। थैलेसीमिया का एकमात्र स्थायी इलाज स्टेम-सेल ट्रांसप्लांट है, जो बहुत महंगा है, जिसकी कीमत 12-15 लाख रुपये है। यह भी तब संभव है, जब रोगी के परिवार में कोई मैचिंग डोनर मिल जाए, जो केवल 25-30% मामलों में होता है। बाकी मरीजों को असंबंधित डोनर को खोजने के लिए इंतजार करना पड़ता है। स्टेम सेल ट्रांसप्लांट करने का सबसे अच्छा समय रोगी के किशोरावस्था में प्रवेश करने से पहले का है। बाद के वर्षों में, शरीर में आयरन की अधिकता के कारण शरीर इलाज के प्रति कम रिस्पॉन्स देता है और ट्रांसप्लांट के दुष्प्रभाव भी ज्यादा होते हैं।
