पुलिस सुविधाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए फरीदाबाद में तैनात होंगे ग्राम व वार्ड पुलिस प्रहरी

फरीदाबाद के 127 गांव और 45 वार्डों में 344 पुलिसकर्मियों को ग्राम व वार्ड प्रहरी के तौर पर किया नियुक्त
फरीदाबाद, 24 फरवरी । अब फरीदाबाद में बीट सिस्टम की तर्ज पर ग्राम व वार्ड प्रहरी व्यवस्था की शुरुआत हो चुकी है। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में सभी डीसीपी, एसीपी, थाना व चौकी प्रभारी तथा गांव/वार्ड प्रहरी के साथ बैठक आयोजित की गई। पुलिस महानिदेशक पंचकूला द्वारा पूरे हरियाणा में ग्राम व वार्ड एरिया में प्रहरी नियुक्त करने के आदेश दिए गए थे जिसके तहत फरीदाबाद के 127 गांव में 254 ग्राम प्रहरी तथा 45 वार्डों में 90 वार्ड प्रहरी नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक गांव/वार्ड में दो-दो प्रहरी नियुक्त किए गए हैं जिसमें एक प्रहरी तथा एक सहायक प्रहरी के तौर पर नियुक्त किया गया है। इसके माध्यम से पुलिस पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक अपनी पहुंच बनाकर उनतक पुलिस व कानून संबंधित सुविधाओं को पहुंचाने का कार्य करेगी। पुलिस आयुक्त ने इस बारे में सभी थाना प्रभारियों तथा ग्राम व वार्ड प्रहरियों को अहम निशा दिशा निर्देश दिए है। इन प्रहरियों को कुछ विशेष कार्य दिए गए हैं जिसमें प्रहरी के तौर पर नियुक्त पुलिसकर्मी अपने एरिया में शराब, स्मैक, गांजा, चरस, अफीम, हेरोइन इत्यादि की नशा तस्करी करने वाले तस्करों, बदमाश, गुटबाजी बनाकर कानून व्यवस्था को खराब करने वाले अपराधिक तत्वों, धर्म जाति या संगठन के नाम पर लोगों को भडक़ाकर शांति भंग करने वाले व्यक्तियों, किसी गैंगवार या अपराधिक संगठन से संबंध रखने वाले गैंगस्टर, आतंकी गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों, थाने के हिस्ट्रीशीटर या जो व्यक्ति बार-बार जेल जाते हैं और जमानत पर बाहर आने के पश्चात फिर से आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं इस प्रकार के व्यक्तियों पर निगरानी रखी जाएगी। पुलिस आयुक्त ने कहा कि इस नई व्यवस्था का उद्देश्य हर वर्ग के व्यक्ति तक पुलिस की पहुंच को बढ़ाना है तथा अपराधी किस्म के व्यक्तियों पर निगरानी रखकर समाज में अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। फरीदाबाद पुलिस बहुत बेहतरीन कार्य कर रही है। फरीदाबाद पुलिस के जवान दिन-रात कड़ी मशक्कत करके देश सेवा में अपने आप को समर्पित कर रहे हैं और हमें इसी प्रकार कड़ी मेहनत करते रहने की आवश्यकता है ताकि गरीब से गरीब व्यक्ति को भी पुलिस सहायता प्राप्त हो सके और उन्हें कानून से संबंधित किसी भी परेशानी का सामना ना करना पड़े। इसके लिए फरीदाबाद पुलिस हमेशा प्रयासरत रहेगी।