गांव गदपुरी में हुआ विधायक का जोरदार स्वागत, विकास के लिए एक करोड़ राशि देने की घोषणा
फरीदाबाद। हरियाणा भंडारण निगम के चेयमरैन एवं पृथला क्षेत्र के विधायक नयनपाल रावत ने कहा है कि जनप्रतिनिधि जनता और सरकार के बीच कड़ी का काम करते है, जनता जो पैसे टैक्स के रूप में जमा करवाते है, जनप्रतिनिधि सरकार के माध्यम से उस धनराशि को जनता के विकास के लिए मंजूर करवाते है। उन्होंने कहा कि पृथला क्षेत्र की जनता ने जो मान सम्मान देकर उन्हें अपना जनप्रतिनिधि चुना है, उसके लिए वह उनका तहेदिल से आभार जताते है। विधायक नयपाल रावत गांव गदपुरी में आयोजित स्वागत समारोह में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस स्वागत समारोह का आयोजन गांव गदपुरी के सरपंच नीरज द्वारा किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने फूल मालाओं से विधायक रावत का स्वागत किया। इस मौके पर विधायक नयनपाल रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आर्शीवाद से पिछले तीन सालों के दौरान उन्होंने क्षेत्र में हरसंभव विकास करवाया है और आने वाले समय में भी विकास का यह सिलसिला जारी रहेगा और पृथला क्षेत्र विकास के मामले में सबसे अव्वल क्षेत्र बनकर उभरेगा। उन्होंने लोगों से कहा कि उनकी समस्याओं को दूर करवाना उनका दायित्व है और वह इसके लिए सदैव प्रयासरत रहते है। समारोह के दौरान सरपंच नीरज ने गांव में व्याप्त समस्याओं को लेकर विधायक रावत को मांगपत्र सौंपा, जिसमें गांव में पानी का बूस्टर बनवाने, स्कूल को मिडिल तक करवाने, गांव में दो बारात घरों निर्माण करवाने,गांव की मुख्य सडक़ जो पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत आती है, को आरसीसी का बनवाने, गांव के दोनों जोहड़ों का सौंदर्यीकरण करवाने, गांव में स्वागत द्वार बनवाने, डिस्पेंसर, ओपन जिम, गांव की चौपालों का नवीनीकरण करवाने, गांव में पोस्ट ऑफिस, आईटीआई, गर्वमैंट पालीटेक्निक आदि का निर्माण करवाने शामिल रही। विधायक नयनपाल रावत ने मांगपत्र लेते हुए ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मांगपत्र में सभी मांगों को दूर करवाने के लिए वह भरसक प्रयास करेंगे और उन्होंने अपनी ओर से गांव के विकास के लिए एक करोड़ रूपए की राशि की भी घोषणा की, जिस पर ग्रामीणों ने विधायक नयनपाल रावत का तालियां बजाकर आभार जताया। इस मौके पर रामनिवास तंवर, मांगेराम कटारिया, प्रवीन बवेजा बीडीपीओ, डिप्टी सहराला, धीरज तंवर, सतपाल, ब्रहमदेव, शेर सिंह मेम्बर, सुमेर मास्टर, बिजेंद्र सहित अनेकों गणमान्य लोग मौजूद थे।
