मानव सेवा समिति ने सेवा कार्यों की श्रृंखला में रविवार को डबुआ कालोनी में सिलाई कढ़ाई केंद्र का शुभारंभ किया। मुंशी लाल सुनहरी देवी चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से खोले गए इस सेवा केंद्र का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक नीरज शर्मा ने किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में नीरज शर्मा ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा सहायता करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। शहर की प्रमुख सामाजिक संस्था मानव सेवा समिति यह पुण्य कार्य पिछले 23 साल से कर रही है। समिति के सभी सेवा कार्य प्रशंसनीय हैं। उनके विधानसभा क्षेत्र में खोले गए इस सिलाई कढ़ाई केंद्र के लिए उन्होंने समिति का आभार प्रकट करते हुए समिति से एनआईटी विधानसभा में और अधिक सेवा प्रोजेक्ट शुरू करने की बात कही। समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा, चैरिटेबल ट्रस्ट के संयोजक दिनेश शर्मा, उपाध्यक्ष कैलाश चंद शर्मा, महिला सेल की राजराठी, रमा सरना, सरिता गुप्ता, कुसुम बंसल, एनआईटी संयोजक केदारनाथ अग्रवाल, अनिल बंसल, केशव शर्मा, राहुल, टीचर अंजलि ने मुख्य अतिथि का माला, शाल, सम्मान पट्टिका पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया। चेयरमैन अरुण बजाज, महासचिव सुरेंद्र जग्गा ने कहा है कि समिति 8 दिसंबर को सेक्टर 10 के दयानंद स्कूल में तीसरा सिलाई कढ़ाई केंद्र का शुभारंभ करेगी।
