जन उत्थान रैली में हरियाणा को दी केंद्रीय गृहमंत्री ने 6600 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
फरीदाबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जोड़ी ने हरियाणा को नंबर वन बनाने का कार्य किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि मनोहर लाल ने 8 साल में प्रदेश को बदलने का कार्य किया है। गृह मंत्री गुरुवार को फरीदाबाद में आयोजित जन उत्थान रैली में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की 6600 करोड़ रुपये की अलग-अलग परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। जन उत्थान रैली में पहुंचने पर रैली के संयोजक एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने फूल माला तथा शॉल भेंटकर अमित शाह का अभिनंदन किया। साथ ही केंद्रीय रेल एवं संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव का शॉल भेंट कर स्वागत किया गया। । जन उत्थान रैली में विधायक दीपक मंगला, विधायक राजेश नागर, विधायक प्रवीण डागर, विधायक नरेन्द्र गुप्ता, विधायक नयन पाल रावत, भाजपा प्रवक्ता राजीव जेटली भाजपा के जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, बङखल की विधायक सीमा त्रिखा, सोनीपत के विधायक मोहन लाल ने भी रैली सम्बोधित किया। इस अवसर पर बीजेपी हरियाणा प्रभारी श्री बिप्लब देब, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, पूर्व मंत्री विपुल गोयल, होडल के विधायक जगदीश नायर, सीएम के मीडिया एडवाइजर अमित आर्य, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं महानिदेशक डा. अमित कुमार अग्रवाल, पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा व डीसी विक्रम सिंह सहित प्रदेश के अनेक विधायकगण व केंद्र और प्रदेश सरकार के कई प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जन उत्थान रैली में उमड़े जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद हरियाणा को पहली बार ऐसा मुख्यमंत्री मिला है जो सिरसा या रोहतक जिले का नहीं बल्कि पूरे हरियाणा का है। उन्होने कहा कि इससे पहले हरियाणा में एक सरकार बनती थी तो भ्रष्टाचार बढ़ता था जबकि दूसरी सरकार बनती थी तो गुंडागर्दी बढ़ती थी लेकिन मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने भ्रष्टाचार पर नकेल कसी है और गुंडागर्दी को पूरी तरह से खत्म किया है। श्री शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने प्रदेश के हर वर्ग की चिंता की है। अगर हरियाणा के 50 साल के शासन काल की तुलना की जाए तो एक तरफ दूसरी सरकारों का शासन और एक तरफ मुख्यमंत्री मनोहर लाल का 8 साल का शासन है, जिसमें फर्क साफ नजर आता है। इसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल का पलड़ा भारी है। गृह मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने अपने शासन काल में सिस्टम को बदला है। मनोहर लाल ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है, भाई-भतीजावाद को खत्म किया है। गृह मंत्री ने मनोहर लाल सरकार के 8 साल पूरे होने पर उन्हें लख-लख बधाई दी। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की जनता को दीपावली का तोहफा दिया है। इसी कड़ी में 6600 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास हो रहा है। इसमें पलवल से हरसाना कलां तक 5618 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हरियाणा ऑरबिटल रेल कॉरिडोर का शिलान्यास, सोनीपत के बड़ी में 590 करोड़ रुपए की लागत से तैयार रेल कोच नवीनीकरण कारखाने का उद्घाटन, रोहतक एलिवेटेड रेल पथ व 106 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हरियाणा पुलिस आवास भौंडसी का उद्घाटन शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आत्मनिर्भर भारत बनाने में कार्यरत हैं। हरियाणा की जनता के लिए खुशी की बात है कि वंदे भारत ट्रेन के कोच सोनीपत के बड़ी में बनाए जाएंगे। इन परियोजनाओं से हरियाणा को बहुत बड़ा फायदा होने वाला है। रैली को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि पिछले 8 सालों में राज्य सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के कई कार्य किए हैं। केंद्र सरकार द्वारा लागू योजनाओं को हरियाणा में जस का तस लागू किया है। आगे भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हरियाणा को जो भी जिम्मेदारी देगी, हरियाणा सरकार उसे लागू करने में पूरा योगदान देगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करते हुए कहा कि फरीदाबाद की धरती महाकवि सूरदास की धरती है। आज 27 अक्तूबर का दिन 2 कारणों से बड़ा खास है। पहला आज भाजपा सरकार के 8 वर्ष पूरे हुए हैं, जिनमें 3 वर्ष भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार के भी शामिल हैं। दूसरा कारण आज भारतीय जनसंघ की स्थापना करने वाले डॉ मंगलसेन की जयंती है, उन्हें मैं अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार 3 सी पर कड़ा प्रहार कर रही है। ये 3 सी हैं- करप्शन, क्राइम और कास्ट। वहीं हम 5 एस यानी- शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वाभीमान और स्वावलंबन पर जोर दे रहे हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार ने हरियाणा में 8 साल पूरे किए हैं, इसके लिए मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल को बधाई। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने रेलवे के नाते से रेलवे कोच नवीनीकरण कारखाने के रूप में हरियाणा को बहुत बड़ी सौगात दी है। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में आज दुनिया में भारत देश की छवि बदली है। दुनिया में भारत के प्रति विश्वास बढ़ा है। प्रधानमंत्री ने देश की तकदीर और भाग्य बदला है। उसी प्रकार मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में हरियाणा की तस्वीर बदली है। आज हरियाणा में नेशनल हाईवे, रेलवे कॉरिडोर बन रहे हैं। विकास की दृष्टि से हरियाणा आगे बढ़ रहा है। केंद्रीय बिजली और भारी उद्योग राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि जहां-जहां बीजेपी की सरकार है वहां-वहां सुशासन और विकास है। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हाथ में देश का सम्मान भी सुरक्षित है, देश का खजाना भी सुरक्षित है और देश की सीमाएं भी सुरक्षित हैं
