गढ़खेड़ा में निर्विरोध पंचायत चुनाव को लेकर सहमति बनाने की कवायद

– ग्रामीणों ने पंचायत कर पढ़ी-लिखी महिला सरपंच की पैरवी

फरीदाबाद। पंचायती राज संस्थानों के चुनाव की घोषणा से पूर्व ही बल्लभगढ़ ब्लाॅक के गाँव गढ़खेड़ा ने रविवार को नई पहल की शुरुआत की। ग्रामीणों ने पंचायत कर इसबार गाँव में निर्विरोध महिला ग्राम पंचायत गठित करने का फैसला लिया। सरकारी स्कूल परिसर में हुई बैठक की अध्यक्षता मास्टर रतिराम जी ने की। जबकि मंच संचालन मास्टर नेत्रपाल जी
ने किया। बैठक में लोगों ने खुलकर विचार रखें और एकसुर में गाँव में निर्विरोध पंचायत चुनाव कराने पर सहमति दी। बैठक में विशेष बात यह रही कि भावी सरपंच पद के उम्मीदवारों ने बैठक में गाँव-बस्ती के फैसले का स्वागत किया।
बैठक में सुरेंद्र सांगवान, रविंद्र कालीरमण, मास्टर चंद्रपाल, मास्टर सुरेंद्र, विजयपाल थानेदार, शम्बू, प्रेमपाल, जयप्रकाश वशिष्ठ और वीर सिंह ने कहा कि गाँव के बुर्जुगों ने सौहार्द व भाईचारे की ताकत से गाँव में कई ऐतिहासिक काम किए थे। गाँव के सरकारी स्कूल को पांचवी से 10वीं तक कराया गया। 40 साल पहले गाँव में सर्वसम्मति से दो बार सरपंच चुने गए थे। इसके बाद गांव में लगातार सरपंच पद के लिए वोटिंग प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसबार वोट की बजाए सर्वसम्मति बनाने की कोशिश की जाएगी।
गाँव के युवा ओमपाल शास्त्री, सतपाल कश्यप, अरूण दीक्षित, रविंद्र सांगवान, उदयपाल प्रजापति, आजाद, यशवीर शर्मा, वेदप्रकाश तोमर ने निर्विरोध पंचायत चुनाव की जोरदार पैरवी की और कहा कि वोट-बैंक की राजनीति ने गाँव में नये विवादों को जन्म दिया है। यह गाँव के विकास में भी अक्सर अड़चन पैदा करती रही है। इससे गाँव के सौहार्द व भाईचारा भी खराब होता है। सर्वसम्मति बनाने के लिए रविवार, 9 अक्टूबर को एकबार फिर बड़ी बैठक बुलाई जाएगी।