फरीदाबाद में सैक्टर 46 संस्कृति अपार्टमेंट में रहने वाले नकुल मल्होत्रा ने दिल्ली विश्वविद्यालय दिल्ली में संगीत विषय में एम ए की परीक्षा में विश्वविद्यालय में तृतीय स्थान अर्जित किया है। पहले भी बी ए संगीत आनर्स में हिन्दू कालेज में प्रथम एवं विश्वविद्यालय में तृतीय स्थान पर रहे थे।
संगीत नकुल मल्होत्रा को विरासत में मिला है वह अपने परिवार की चौथी पीढ़ी है जो शास्त्रीय गायन में परिवार का प्रतिनिधित्व कर रही है। संगीत की प्रारंभिक शिक्षा अपने पिता डॉ भूपेन्द्र मल्होत्रा से ग्रहण की उनकी देखरेख में नकुल ने दिल्ली में बहुत प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अवार्ड प्राप्त किए। संस्कृति मंत्रालय की ओर से नकुल को स्कालरशिप भी मिलती रही है। हरियाणा में युवा समारोह में बहुत बार शास्त्रीय गायन में प्रथम स्थान अर्जित कर राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया है। आजकल नकुल अपने पिताजी के गुरु इंदौर घराना के मूर्धन्य गायक पंडित बलदेव राज वर्मा जी से गुरु शिष्य परंपरा में रहकर शास्त्रीय गायन की विधिवत तालीम हासिल कर रहा है और साथ ही साथ यूजीसी नेट की परीक्षा की तैयारी कर रहा है। नकुल भविष्य में विश्वविद्यालय में शिक्षक और मंचीय कलाकार दोनों का सामंजस्य स्थापित करना चाहता है।
