श्री राधे मित्र मंडल द्वारा आयोजित 12वें श्री राधा रानी जन्मोत्सव कार्यक्रम में बल्लभगढ़ को बरसाना धाम बनाकर जमकर झूमें राधा प्रेमी भक्तजन
बल्लभगढः श्री राधे मित्र मंडल की ओर से बल्लभगढ़ स्थित राजा नाहर सिंह की नगरी राजा नाहर सिंह महल में 12 वें श्री राधा रानी जन्मोत्सव कार्यक्रम बडी ही धूम धाम से मनाया गया। अधिक जानकारी देते हुए श्री राधे मित्र मंडल के प्रधान मोहित कुमार गुप्ता ने बताया कि इस बार समारोह में भजन सम्राट गोविंद भार्गव जी द्वारा राधा रानी का भजनों के माध्यम से गुणगान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नितिन मित्तल ने दीप प्रज्वलित कर किया व मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज अग्रवाल उपस्थित रहे। इसके पश्चात पारस अग्रवाल की ओर से श्री जी का प्रसाद वितरण किया गया। राधा रानी जन्मोत्सव कार्यक्रम में भजनो के माध्यम से बताया गया की राधा जी के पृथ्वी पर जन्म लेने से पूर्व स्वयं इस सृष्टि के रचयिता पालनहार यानी कि ब्रह्मा जी, विष्णु जी ओर शंकर जी सभी देवी देवताओं के साथ बधाई गाने व राधा जी के दर्शन करने के लिए ब्रज में आये और पृथ्वी पर जन्म लिए मनुष्यों के साथ घुल मिलकर राधा जी के प्राकट्य के भजन गायन कर, बधाई गायन, नाचकर, झूमकर खूब मस्ती के साथ जन्मोत्सव का आनन्द लिया। उन्होंने राधा प्रेमियों को बताया कि राधा नाम उच्चारण करने से मनुष्य की जीभा व आत्मा दोनों शुद्ध होती है। मनुष्य को जितना हो सके सुबह हो या शाम चाहे आसान लगाकर या फिर सफर में चलते चलते जैसे भी हो सके राधा नाम जपना चाहिए, क्योकि राधा जी के रा शब्द जीभा पर आने से शरीर के सभी विकार दूर होते है और मनुष्य के अंदर से रा बोलने पर जो गर्म हवा निकलती है वो मनुष्य की आत्मा को शुद्ध करती है, और धा नाम जब जीभा से निकलता है, तो वो मनुष्य की उस गर्म हवा रूपी गलत विकारों को आगे की तरफ धक्का देकर मनुष्य के जीवन से दूर करने का काम करता है। इसलिए मनुष्य को सदा ही राधा नाम उच्चारण करते रहना चाहिए, जिससे उसके जाने अनजाने में किये गए सभी पापों का नाश हो जाये और उसको प्रभु भक्ति मिल जाये। राधे मित्र मंडल के प्रधान मोहित कुमार गुप्ता द्वारा बताया गया कि जिस घर मे राधा नाम का उच्चारण व राधा नाम का संकीर्तन होता है। वहाँ ठाकुर जी सदैव विराजमान रहते है और उस घर परिवार की सदैव कृपा बनी रहती है। उन्होंने कहा कि हमारे ठाकुर जी (कृष्ण जी) को राधा नाम अति प्रिय है। राधा जी ठाकुर जी की प्रियतम है इसलिए हमारे महापुराणों में राधा कृष्ण के नाम की महिमा का ही व्याख्यान किया गया है। गोविंद भार्गव जी ने भक्तों को एक कोर कृपा की कर दो लाडली श्री राधे भजन का रसपान कराया। इस भजन को सुनकर प्रांगण में बैठे हुए भक्त अपने आप को रोक नही पाए और खूब जमकर नाचे झूमे ओर राधा जी के जन्मोत्सव में अपनी हाजरी लगाई। इस कार्यक्रम में परिवहन मंत्री मूल चन्द शर्मा के बड़े भाई टिप्पर चन्द शर्मा, शक्ति फोमस से योगेश गोयल, के बी एस सर्टिफिकेशन से कौशल गोयल, प्रसिद्ध समाजसेवी उमेश गर्ग, कांग्रेस नेत्री पराग शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुमित गौड, पार्षद दीपक चौधरी, भारत विकास परिषद से निधि जैन, प्रेम प्रकाश कटारा, प्रवीण गर्ग, दिनेश मंगला, प्रदीप शर्मा, हरिकिशन मंगला, राकेश गुप्ता उर्फ बाबा, पुनित गोयल, जितेश गोयल, प्रमोद टिबडेवाल, शशांक जैन व पीयूष शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
