फरीदाबाद, 29 अगस्त : ओल्ड विधानसभा के प्रभारी प्रवेश मेहता एवं वार्ड प्रभारी वाई के शर्मा ने अपनी टीम के साथ सेक्टर 12 स्थित टाउन पार्क की सफाई को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस मौके पर उनके साथ जिलाध्यक्ष धरमबीर भड़ाना मौजूद रहे। हस्ताक्षर अभियान के जरिए उन्होंने पार्क की खस्ता हालत में सुधार करने की प्रशासन से गुहार लगाई और कहा कि जब शहर के सबसे बड़े पार्क यानी टाउन पार्क की ही ऐसी हालत है, तो अन्य पार्कों का क्या होगा। श्री मेहता ने कहा कि बीजेपी सरकार शहर को स्मार्ट तो नही बना पति, मगर शहर को कंगाल अवश्य बना दिया है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष धरमवीर भड़ाना ने कहा कि बीजेपी के नेताओं, मंत्रियों, विधायकों एवं पार्षदों ने अधिकारियों के साथ मिलकर शहर को लूटने का काम किया है। शहर के विकास की दुहाई देने वाले भाजपा नेता आकर दिखाएं कि फरीदाबाद में कहां विकास हुए हैं। इस अभियान में लगभग 400 लोगों ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर रमेश अरोड़ा,उमा सागर, निशा,राहुल चौधरी, अरूण, चन्द्र पाल,सुमन, प्रमोद मिनोचा, गौरव, महेश नौटियाल आदि ने शिरकत की।
