विश्व पर्यावरण दिवस – जूनियर रेडक्रॉस द्वारा पौधरोपण और पेटिंग विजेताओं को किया सम्मानित

 

पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन आई टी तीन फरीदाबाद में प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में जूनियर रेडक्रॉस, सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड और गाइड्स ने आज पौधरोपण किया। इस अवसर पर विद्यालय से अध्यापक दीपक मदान, सूबे सिंह, यू पी एस सी परीक्षा संचालित करवाने आ रहे हरियाणा पुलिस के कर्मचारी और परीक्षा संचालित करवाने आ रहे इंविजिलेटर्स ने भी पौधरोपण अभियान में भागीदारी की। विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस, सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड प्रभारी प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने कहा कि पर्यावरण  को सुधारने हेतु यह दिवस महत्वपूर्ण है जिसमें पूरा विश्व रास्ते में खड़ी चुनौतियों को हल करने का रास्ता निकालता हैं। लोगों में पर्यावरण जागरूकता को जगाने के लिए संयुक्त राष्ट्र द्वारा संचालित विश्व पर्यावरण दिवस विश्व का सबसे बड़ा वार्षिक आयोजन है। इसका मुख्य उद्देश्य हमारी प्रकृति की रक्षा के लिए जागरूकता बढ़ाना और दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे विभिन्न पर्यावरणीय विषयों का मानवता के कल्याण हेतु समाधान निकालना है। प्राचार्य मनचंदा ने कहा कि पर्यावरण जलवायु, स्वच्छता, प्रदूषण तथा वृक्ष सभी को मिलाकर बनता है और ये सभी हमारे दैनिक जीवन से सीधा संबंध रखते है और उसे प्रभावित करते है। मानव और पर्यावरण एक-दूसरे पर निर्भर होते हैं। पर्यावरण जैसे जलवायु प्रदूषण या वृक्षों का कम होना मानव शरीर और स्वास्थय पर सीधा प्रभाव डालता है। मानव की अच्छी-बूरी आदतें जैसे वृक्षों को सहेजना, जलवायु प्रदूषण रोकना, स्वच्छता रखना भी पर्यावरण को प्रभावित करता है। मानव की बुरी आदतें जैसे पानी दूषित करना, बर्बाद करना, वृक्षों की अत्यधिक मात्रा में कटाई करना आदि पर्यावरण को बुरी तरह से प्रभावित करती है। जिसका दुष्प्रभाव बाद में मानव को प्राकृतिक आपदाओं का सामना करके भुगतना पड़ता है। इसलिए हमें अधिक से अधिक पेड़ लगा कर पर्यावरण को बचाने के लिए सतत वृक्षारोपण करना होगा। आज प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा, रामकृपाल सेवादार, दीपक, सूबे सिंह सहित अन्य सदस्यों ने भी पौधरोपण में सहयोग दिया। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा, प्राध्यापिका शीतल और कविता ने विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण पर पेंटिंग बनाने वाली प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रही छात्राओं को सम्मानित भी किया।