ग्रीष्मावकाश में आयोजित शिविर 2022-23

दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर फ़रीदाबाद के भव्य प्रांगण में दिनांक 23 मई, 2022 से दिनांक 31 मई, 2022 तक ग्रीष्मावकाश में विभिन्न गतिविधियों से युक्त शिविर का आयोजन किया गया। इस 9 दिवसीय शिविर में विद्यालय की कक्षा पहली से आठवीं तक के लगभग 230 विद्यार्थी उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए। इस शिविर में छात्रों ने विभिन्न परंपरागत एवं आधुनिक नृत्य शैेलियों (शास्त्रीय, जैज़, हिप-हाॅप), शास्त्रीय वाद्य संगीत एवं पाश्चात्य संगीत को आनंदपूर्वक सीखते हुए कला कौशलों में अभिवृद्धि की। इसके साथ ही विभिन्न खेलों जैसे फुटबाॅल, क्रिकेट, स्केटिंग, बास्केट-बाॅल, खो-खो, टेबल-टेनिस, कराटे एवं घुड़सवारी, योग, कंप्यूटर, फ्लेमलेस कुकिंग और सर्जनात्मक लेखन कौशल के विकास का सुअवसर भी विद्यार्थियों को प्रदान किया गया। दिनांक 31 मई को सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया जिसमें विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती शैलबाला जैन और श्रीमती मोनिका जैन की उपस्थिति छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनी। छात्रों के अभिभावक भी समापन समारोह के साक्षी बने। इस सुअवसर पर विद्यार्थियों ने शिविर में सीखी गतिविधियों को रंगारंग कार्यक्रम के माध्यम से प्रस्तुत किया। शिविर के विद्यार्थियों ने समापन समारोह में इस दौरान बनाए अपने हस्तकला के विभिन्न नमूनों का भी प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में आमंत्रित अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की भरपूर सराहना करते हुए कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सुरजीत खन्ना ने विद्यालय के प्रशिक्षणार्थियों के अथक प्रयासों एवं प्रशिक्षकों के द्वारा दिए गए मार्गदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा की और औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ शिविर की समाप्ति की घोषणा की।