फरीदाबाद जिला रेडक्रास सोसायटी एक लाख रुपए के नकद पुरस्कार से सम्मानित

फरीदाबाद, 10 मई। अंतर्राष्ट्रीय रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय कार्यक्रम रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे हरियाणा के राज्यपाल एवं प्रदेश रेडक्रास के अध्यक्ष बंडारू दत्तात्रेय ने रेडक्रॉस के कार्यों में प्रदेश भर में प्रथम आने पर फरीदाबाद जिला रेडक्रास सोसायटी को एक लाख रुपए के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। राज्यपाल से यह पुरस्कार जिला रेडक्रास सोसायटी के सचिव विकास कुमार ने प्राप्त किया। इस मौके पर जिला रेडक्रास सोसायटी के उप अधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी व रोटरी के सहायक गवर्नर और रेडक्रास कार्यसमिति के कार्यकारी सदस्य रोटेरियन जगदीश सहदेव ने राज्यपाल का स्मृति चिंह भेंट कर स्वागत किया।
राज्यपाल के हाथों पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सचिव विकास कुमार ने कहा कि जिला रेडक्रास सोसायटी समाजसेवा के हर क्षेत्र में बढ़चढक़र भाग लेती है और लोगों की दुख-तकलीफ को दूर करने में सदैव आगे बढक़र कार्य करने में विश्वास रखती है। जिला समिति ने कोरोना काल में लोगों की भलाई के लिए अनेक प्रकार के कार्य किए जिनमें सूखा राशन का वितरण, फेस मास्क व सेनेटाइजर के साथ वैक्सीनेशन लगवाने व ऑक्सीजन उपलब्ध करवाने के अहम कार्य भी शामिल रहे।
वहीं इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि रेडक्रॉस मानवता की भलाई का कार्य कर रहा है। प्रत्येक व्यक्ति रेडक्रॉस के मिशन को आगे बढ़ाते हुए मानवता के कल्याण के लिए कार्य करें। मानव सेवा ही भगवान की सेवा है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में रेडक्रॉस की कार्य प्रक्रिया का भी डिजिटलाइजेशन किया जाना चाहिए।