अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का तीन दिवसीय अधिवेशन शुरू, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक



उपभोक्ता का शोषण एवं  विभिन्न मुद्दों पर गहन चिंतन- मंथन  

फरीदाबाद- 21 अप्रैल। रावल इंस्टीट्यूशंस परिसर में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण भाई साह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिनकर सबनीस के मार्गदर्शन में वीरवार 21 अप्रैल को तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन की शुरुआत हुई। पहले दिन के विशेष सत्र की शुरुआत से पूर्व भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के सामने दीप प्रज्वलन किया गया। दीप प्रज्वलन के बाद अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नवीन जैन उपाध्यक्ष, गुरुदत्त गर्ग तथा महामंत्री मुनेश शर्मा आदि के द्वारा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी के सदस्यों का पटका पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष नवीन जैन ने देशभर से आए हुए सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए हरियाणा की धरती पर आने पर आभार जताया। तत्पश्चात राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल हुए लगभग 30 दायित्ववान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों पर गहन चिंतन किया।

बैठक में राष्ट्रीय स्तर के कई ज्वलंत आर्थिक मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। पहले दिन के पहले दो सत्रों में प्रमुख मुद्दा यही रहा कि ग्राहकों का शोषण कैसे रोका जाए। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा वरिष्ठ प्रचारक श्री रामचंद्र स्वाई, दुर्गा प्रसाद सैनी ,अरुण राव देशपांडे, जयंत भाई कथीरिया, कार्यालय प्रबंधक ज्ञान शंकर त्रिपाठी, अशोक त्रिवेदी, शरद राव कसरेकर, सूर्यकांत श्री राम पाठक, विवेकानंद, सुनील जैन, भगवती प्रसाद शर्मा, राधेश्याम अग्रवाल, कमल घोष दस्तीदार, जयप्रकाश पाटिल, गजानंद पांडे, राजू भाई रावल, नादिक दत्तात्रेय, प्रमोद पांडे, एम एन सुंदर, मेहताब सिंह, रामचंद्र सवाई, अशोक कुमार गर्ग, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रदीप बंसल आदि वरिष्ठ लोग शामिल हुए।