ओबीसी चेयरमैन ने चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के कलेंडर से पूर्व मुख्यमंत्री का फोटो हटाने पर जताई नाराजगी
फरीदाबाद। हरियाणा कांग्रेस ओबीसी सैल के प्रदेश चेयरमैन ललित भड़ाना ने भिवानी के चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के कैलेंडर से बंसीलाल की फोटो हटाए जाने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे भाजपा सरकार की औछी मानसिकता बताया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर इतिहास मिटाने का आरोप लगाते हुए कहा कि चौ. बंसीलाल हरियाणा के निर्माता था और ऐसे महापुरुष का उनके नाम पर रखे विश्वविद्यालय के कलेंडर से फोटो हटाना यह दर्शाता है कि यह सरकार महापुरुषों का अपमान कर इतिहास मिटाने का काम कर रही है, लेकिन इसमें वह कभी सफल नहीं हो पाएगी। यहां जारी प्रेस बयान में ललित भड़ाना ने कहा कि इतिहास गवाह है कि पूर्व मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में किसान, मजदूर, दलित, पिछड़े, कमेरे वर्ग सहित छत्तीस बिरादरी के लोगों के हितों के लिए अनेक कार्य किए, उनके कार्याे की बदौलत आज वह लोगों के दिलों में जिंदा है परंतु भाजपा सरकार हिटलरशाही रवैया अपनाकर ऐसे महापुरुषों का इतिहास मिटाने का काम कर रही है, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय पूर्व सांसद श्रुति चौधरी ने अपने सांसद कार्यकाल में बनवाया था और आज चौ. बंसीलाल के नाम से रखे विश्वविद्यालय के कलेंडर से उनका नाम हटाना सरकार की दोहरी नीति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल कागजों में विकास की बात कर रही है और कांग्रेस सरकार में हुए विकास कार्याे का झूठा श्रेय लूटना चाह रही है परंतु जनता अब इस सरकार की नीति और नीयत से भली भांति परिचित हो चुकी है। ललित भड़ाना ने भाजपा सरकार से मांग करते हुए कहा कि वह महापुरुषों का आदर करे और उक्त कलेंडर में से हटाए गए पूर्व मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल के फोटो को दोबारा लगाए, अन्यथा कांग्रेस कार्यकर्ता सडक़ों पर उतरकर धरना प्रदर्शन करने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
