पुलिस ने 3 सप्ताह से लापता 19 वर्षीय युवती को उत्तरप्रदेश के गोरखपुर से बरामद कर किया परिजनों के हवाले
फरीदाबादः क्राइम ब्रांच कैट ने पिछले माह दिसम्बर में पल्ला थानाक्षेत्र से लापता एक 19 वर्षीय युवती को बरामद कर उनके परिजनों को सकुशल सौंपने का सराहनीय कार्य किया है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने मामले में बताया कि युवती के परिजनों की शिकायत के आधार पर युवती की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। लड़की के पिता माता पिता प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं और लड़की अपने छोटे भाई के साथ घर पर रहती थी। दिनांक 29 दिसंबर को लड़की घर से लापता हो गई। परिजनों के काफी ढूढ़ने के बाद भी युवती का कुछ पता नहीं चलने पर पुलिस में मुकदमा दर्ज करके युवती की तलाश शुरू की गई।
इसके बाद गुमशुदा नागरिकों तलाश के लिए गठित की गई क्राइम ब्रांच कैट ने तकनीकी सहयोग से युवती के उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में होने का पता लगाया जिसके पश्चात युवती की बरामदगी के लिए थाना पुलिस सहित क्राइम ब्रांच की टीम रवाना हो गई। कड़ी मशक्कत करते हुए पुलिस युवती को गोरखपुर से बरामद कर फरीदाबाद ले आई जहां युवती से बातचीत करने पर पता चला कि वह अपने घरवालों से नाराज थी। लड़की की मां छोटी-छोटी बातों पर उसको डांटती रहती थी इसलिए वह बिना किसी को कुछ बताये चली गयी थी। पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के हवाले करते हुए उसके साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने की हिदायत दी। युवती के परिजनों ने युवती को सकुशल पाकर पुलिस का आभार जताया।
