नेताजी की जयंती पर बल्लभगढ़ विधानसभा में आयोजित की गई पुष्पांजलि सभा
फरीदाबाद। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख सेनानी, आजाद हिंद फौज के संस्थापक एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जन्म जयंती पर बल्लभगढ़ के मोहना रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज अग्रवाल की अध्यक्षता में पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बल्लभगढ़ विधानसभा के समस्त कांग्रेसजनों ने नेताजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान नेताजी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बल्लभगढ़ विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं हरियाणा कांग्रेस के स्टेट सोशल मीडिया इंचार्ज मनोज अग्रवाल ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की गिनती भारत के वीर सपूतों में की जाती है। आजाद हिंद फौज बनाकर उन्होंने अपने अदम्य साहस और बलिदान से विश्व में नई शौर्यगाथा लिख दी थी। उन्होंने कहा कि सुभाष बाबू पूर्ण स्वराज्य के पक्षधर थे और भारत को महाशक्ति के रूप में देखना उनका सपना था। इतना ही नहीं नेताजी दो बार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए, उन्होंने कांग्रेस पार्टी की जन-जन को जोडऩे वाली विचारधारा को युवाओं तक पहुंचाने का उल्लेखनीय काम किया था। मनोज अग्रवाल ने कहा कि नेताजी में राष्ट्रीयता की उत्कृष्ट भावना थी। उनके नेतृत्व में बलिदानियों की ऐसी टोली बनी थी जिनमें जाति, धर्म क्षेत्र की कोई भावना नहीं थी। उनके जयहिंद के नारे की गूंज से ब्रिटिश साम्राज्य दहल उठा था। सुभाष चंद्र बोस नौजवानों के प्रेरणास्रोत थे। उनके नाम से ही लोगो में आज भी नए जोश का संचार हो जाता है। उन्होंने कहा कि आज उनकी जयंती पर हम सभी को उनके आदर्शाे को अपनाते हुए देश व समाजहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। इस मौके पर मुख्य रूप से कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय त्यागी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनू चौधरी, सेवादल की प्रदेश सचिव सगीरन खान, प्रताप शर्मा, युवा नेता शुभम कसाना, शशांक जैन एडवोकेट, राजेंद्र चौहान, जयकिशन पंडित, धर्मवती, सत्यम शर्मा, आशा अग्रवाल, ठाकुर शर्मा, उत्कर्ष त्यागी, राहुल गुप्ता, ललित मथादु सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
