अतिक्रमण हटाने में प्रत्येक व्यापारी देगा निगम प्रशासन का सहयोग : रामजुनेजा

व्यापार मंडल के प्रधान ने कहा विस्तर कार्य योजना बनाकर उसे अमलीजामा पहनाए निगम
फरीदाबाद। हरियाणा व्यापार मंडल के जिला प्रधान राम जुनेजा ने नगर निगम आयुक्त को विश्वास दिलाते हुए कहा कि जिले का प्रत्येक व्यापारी अतिक्रमण हटाने तथा बाजार में बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए निगम प्रशासन के साथ है लेकिन निगम को चाहिए कि एक विस्तृत कार्य योजना बनाकर उसको अमलीजामा पहनाया जाए। राम जुनेजा नगर निगम आयुक्त द्वारा बुलाई गई जिले के सभी व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक के दौरान अपने विचार रख रहे थे। उन्होंने कहा कि जो भी व्यापारी निगम की बनाई कार्य योजना पर अमल नहीं करता उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई व जुर्माने की प्रक्रिया अमल में लाई जाए लेकिन यह प्रक्रिया नीचे से ऊपर की तरफ होनी चाहिए प्रारंभिक कम से कम जुर्माना लगाया जाए चाहे दुकानदार के ना मानने पर उसको बढ़ा दिया जाए। उल्लेखनीय है कि नगर निगम आयुक्त ने जिले के बाजारों में दुकानदारों द्वारा किए जाने वाले अतिक्रमण को हटाने के लिए निगम द्वारा चलाई जाने वाली मुहिम में आम व्यापारियों को जोडऩे के लिए व्यापारिक संगठनों की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में राम जुनेजा के साथ बल्लभगढ़ के प्रधान प्रेम खट्टर, सेक्टर 7 10 मार्केट के प्रधान वासुदेव अरोड़ा, एनआईटी नंबर 5 के प्रधान बलजीत अरोड़ा, तिकोना पार्क मार्केट के प्रधान देवेंद्र रतरा, नंबर 1 के प्रधान विनोद आहुजा, नंबर 1 मार्किट के महासचिव पवन भाटिया, बाटा चौक टू व्हीलर एसोसिएशन के प्रधान सागर दुआ, नंबर 1 मार्केट से आनंद आहूजा, राजेश भाटिया 2 नंबर मार्केट से हरीकिशन वर्मा, सचिन चावला, सराय ख्वाजा से विजय गोयल, ओल्ड फरीदाबाद से रवि डूडेजा सेक्टर 37 से हरीश बत्रा सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे। इस मौके पर व्यापारियों की बात सुनने तथा उनको इस अभियान में शामिल करने के लिए राम जुनेजा के नेतृत्व में सभी व्यापारियों ने बुक्का का देकर नगर निगम आयुक्त यशपाल यादव का अभिनंदन भी किया। राम जुनेजा ने निगमायुक्त को सुझाव दिया कि दुकानदारों के लिए एक पट्टी लगा दी जाए जहां तक वह अपना सामान रख सके लेकिन नगर निगम आयुक्त का कहना था कि दुकान का शटर ही दुकानदारों की सीमा है और दुकानदारों को उसी सीमा के अंदर अपना सामान रखना होगा। साथ ही निगमायुक्त ने कहा कि आप सभी एसोसिएशनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से उनका अनुरोध है कि नगर निगम की इस कार्य योजना की जानकारी जल्द से जल्द अपने अपने बाजारों के दुकानदारों को दे दे क्योंकि 15 दिसंबर के बाद नगर निगम के सभी कर्मचारी जो इस कार्य के लिए तैनात किए गए हैं वह न केवल जुर्माना करेंगे बल्कि अन्य कानूनी कार्रवाई की जाए। राम जुनेजा ने कहा कि वह भी व्यापारियों से अपील करते हैं कि सरकार और प्रशासन उनके हितों को ध्यान में रखते हुए उनके भले के लिए इस प्रकार के नियम बना रही है और प्रत्येक व्यापारी को इसका पालन करना चाहिए।