फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के वीटा दुग्ध संयंत्र को रोहतक के बावल में स्थानांतरित किए जाने को लेकर यहां कार्यरत कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को हरियाणा भंडारण निगम के चेयरमैन एवं पृथला क्षेत्र के विधायक नयनपाल रावत की अनपुस्थिति में उनके सेक्टर-15ए स्थित निवास पर पहुंचकर उनके प्रतिनिधि ज्ञान कौशिक से मुलाकात की और उन्हें उक्त दुग्ध संयंत्र को यहां से स्थानांतरित न किए जाने को लेकर ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने बताया कि वीटा दुग्ध संयंत्र को हरियाणा सरकार ने बल्लभगढ़ में वर्ष 1978 में स्थापित किया था, तब से लेकर अब तक बल्लभगढ़, फरीदाबाद, मेवात, पलवल व दिल्ली में लगातार इस संयंत्र से लगभग एक लाख लीटर दूध के बने पदार्थाे की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन सरकार अब इस संयंत्र को रोहतक के बावल में स्थानांतरित करना चाह रही है, जिसके चलते यहां कार्यरत करीब 400 ठेकेदारों सहित हजारों कर्मचारियों की रोजी रोटी प्रभावित होगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा के पांच वीटा प्लांटों में बल्लभगढ़ सबसे ज्यादा मुनाफे में है और सरकार इसे ही यहां से स्थानांतरित करना चाहती है, जबकि बावल क्षेत्र रोहतक में आता है और वहां मात्र 2500 लीटर दूध की सप्लाई है। उन्होंने विधायक नयनपाल रावत से मांग की कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए मुख्यमंत्री सहित संबंधित विभाग के मंत्री से बातचीत कर इस प्लांट को स्थानांरित होने से रूकवाएं। कर्मचारियों की बात सुनने के बाद विधायक नयनपाल रावत के प्रतिनिधि ज्ञान कौशिक ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनके इस ज्ञापन को वह विधायक नयनपाल रावत जी को सौंप देंगे और उन्हें उम्मीद है कि वह इस मामले में मुख्यमंत्री सहित संबंधित विभाग के मंत्री से बातचीत करेंगे और इसे रूकवाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। स मौके पर चेयरमैन सुरेश सिंह, डायरेक्टर गिर्राज सिंह, गीता देवी, कुंवरपाल, नरेश, दीपेंद्र, राजकुमार तेवतिया, ममता, रितू, सुनील, सुभाष शर्मा, अलंकार, राजीव शर्मा आदि मौजूद थे।
