सर्वप्रिय भारत/ फरीदाबाद/ केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री मनसुख एल मंडाविया ने फरीदाबाद के अमृता अस्पताल में आधिकारिक रूप से सिविल 20 (C20) के एकीकृत समग्र स्वास्थ्य शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया, जो G20 के आधिकारिक कार्य समूहों में से एक है।
उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित गणमान्य लोगों में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, आयुष मंत्रालय के सलाहकार डॉ. मनोज नेसारी, हरियाणा के गृह, स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान मंत्री अनिल विज, हरियाणा के ऊर्जा मंत्री रंजीत सिंह, केंद्रीय विद्युत और भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और फरीदाबाद के तिगांव के विधायक राजेश नागर शामिल थे।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम घेब्रेयेसस ने प्रतिनिधियों को वर्चुअली संबोधित किया। शिखर सम्मेलन में अर्जेंटीना, रवांडा और मलावी जैसे देशों के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री, माता अमृतानंदमयी मठ के उपाध्यक्ष स्वामी अमृतस्वरूपानंद पुरी और C20 के ट्रोइका सदस्य के साथ-साथ C20 शेरपा विजय के. नांबियार भी मौजूद थे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा, “स्वास्थ्य जीवन की एक मूलभूत आवश्यकता है, जो नागरिकों में संतोष की भावना पैदा करता है, समग्र खुशी सूचकांक में योगदान देता है। हमें स्वास्थ्य की पारंपरिक प्रणालियों को विकसित करने और अपनाने की आवश्यकता है, ताकि हम बीमार ही न पड़ें। बीमारी के इलाज के लिए सरकार का बजट अधिक होने के बावजूद बीमारी की रोकथाम कर स्वस्थ रहने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता है। हमने हरियाणा में लोगों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। हमने हर गांव में योग और आयुर्वेद सहित वेलनेस सेंटर खोलने का कार्यक्रम बनाया है और ऐसे 700 केंद्रों पर काम शुरू हो चुका है। रसायनों, कीटनाशकों और प्रदूषण के उपयोग के कारण, भोजन और पर्यावरण अब बीमारी का कारण बन रहे हैं। हमें पारंपरिक प्रणालियों की ओर लौटकर उन्हें फिर से दवा में बदलने की जरूरत है।”
उन्होंने आगे कहा, “डब्ल्यूएचओ के मानदंडों के अनुसार हरियाणा में 28,000 डॉक्टर होने चाहिए, लेकिन वर्तमान में यह संख्या आधे से भी कम है।गिनती बढ़ाने के लिए हमारा इरादा राज्य के हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोलने का है। हरियाणा के चार जिलों को छोड़कर बाकी सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने पर काम शुरू हो चुका है। हमने एलोपैथी और आयुर्वेद का इंटीग्रेटेड कोर्स शुरू करने की अनुमति के लिए भी आवेदन किया है। दोनों प्रथाओं को एक साथ काम करना चाहिए।”
विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम घेब्रेयसस ने कहा, “हम अभी सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) के आधे रास्ते पर हैं। सतत विकास लक्ष्यों तक पहुंचने के लिए आगे कई चुनौतियां हैं। कोविड 19 से पहले भी, हर साल अरबों लोग आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह जाते थे, क्योंकि या तो वे उन तक पहुंच नहीं सकते थे या उन्हें वहन नहीं कर सकते थे। महामारी ने हमें और पीछे धकेल दिया है। हमने देखा है कि 90% देशों में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की कमी है। कोविड 19 ने दिखाया है कि सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज इतना महत्वपूर्ण क्यों है और हमें इसे और अधिक दृढ़ संकल्प, नवाचार और सहयोग के साथ क्यों आगे बढ़ाना चाहिए। यही कारण है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल और सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज और स्वास्थ्य सुरक्षा की नींव की ओर स्वास्थ्य प्रणालियों को फिर से स्थापित करना है। साक्ष्य-आधारित पारंपरिक चिकित्सा को राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणालियों में एकीकृत करना सभी के लिए स्वास्थ्य प्राप्त करने में योगदान कर सकता है।”
सी20 के ट्रोइका सदस्य और माता अमृतानंदमयी मठ के वाइस चेयरमैन स्वामी अमृतस्वरूपानंद पुरी ने कहा, “डॉक्टरों को हमारे प्राचीन आयुर्वेदिक चिकित्सकों और द्रष्टाओं की तरह, अपने सहज मन और आध्यात्मिक ऊर्जा का दोहन करने के लिए मेडिटेशन के लिए समय निकालना चाहिए। अच्छाई और स्वास्थ्य का प्रसार करने के लिए, उन्हें दवा के साथ मेडिटेशन मिलाने की आवश्यकता है, क्योंकि इससे डॉक्टर और रोगी दोनों में गुणात्मक बदलाव आएगा। यदि 20 देशों का समूह अच्छाई (गुडनेस 20) का राजदूत बन जाता है, तो इससे विकासशील और अविकसित देशों को अत्यधिक लाभ होगा। यह दुखदायी दुनिया में अच्छाई को प्रबल होने में मदद करेगा, और सब कुछ अच्छा होगा।”
उद्घाटन समारोह के दौरान गणमान्य व्यक्तियों ने डिजिटल शिक्षा फॉर एडवांस्ड क्लिनिकल कैपेसिटी लर्निंग (दिशा) और वी आर विथ यू (हम आपके साथ हैं) नामक दो नए प्लेटफॉर्म भी जारी किए। अमृता विश्व विद्यापीठम ने यूएसएआईडी के समर्थन से सार्वजनिक स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण देखभाल के लिए देश का पहला केस-आधारित सिमुलेशन लर्निंग प्लेटफॉर्म ‘दिशा’ विकसित किया है। ‘वी आर विथ यू’ एक सार्वजनिक पोर्टल है, जो सूचनात्मक सामग्री जैसे वीडियो, आर्टिकल्स, प्रशंसापत्र, पब्लिक और प्राइवेट मानसिक स्वास्थ्य संगठनों के लिए संपर्क विवरण, हेल्पलाइन नंबर, चर्चा मंच और अंग्रेजी और प्रमुख क्षेत्रीय भाषाओं में ब्लॉग प्रदान करता है, जिसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य देखभाल वाले लोगों को जोड़ना है, जिनकी उन्हें आवश्यकता है।
शिखर सम्मेलन के दो दिनों के दौरान, 700 से अधिक सीएसओ, स्वास्थ्य पेशेवरों, शिक्षकों और सार्वजनिक स्वास्थ्य परिदृश्य के नेताओं ने वैश्विक स्वास्थ्य और कल्याण का समर्थन करने वाली नीतियों को तैयार करने के लिए नीतिगत बैठकों, चर्चाओं और कार्यशालाओं में भाग लिया। सत्र मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, बुजुर्गों की देखभाल, समग्र स्वास्थ्य दृष्टिकोण, एक स्वास्थ्य और गैर-संचारी रोगों में कमी सहित सार्वजनिक स्वास्थ्य के सात प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित थे।
उद्घाटन समारोह में प्रतिनिधियों को संदेश देते हुए C20 की अध्यक्ष माता अमृतानंदमयी देवी (अम्मा) ने कहा, “एकीकृत स्वास्थ्य सेवा C20 प्रक्रिया का एक हिस्सा है। आज, अधिकांश लोग स्वास्थ्य को केवल भौतिक शरीर से संबंधित मानते हैं। हालाँकि, मानव अस्तित्व केवल शरीर के स्तर पर नहीं है। मानसिक, बौद्धिक और भावनात्मक स्वास्थ्य भी महत्वपूर्ण हैं। सबसे ऊपर, हमें सर्वव्यापी आत्मा, आत्म-शक्ति की शक्ति को स्वीकार करना चाहिए, जो हर चीज को चेतना से भर देती है। जब कोई इन सभी कारकों को अपने जीवन में समान महत्व देता है, तो स्वास्थ्य सेवा का अर्थ पूर्ण हो जाता है।”
उन्होंने आगे कहा, “आधुनिक चिकित्सा और उपचार प्रणाली निश्चित रूप से महत्वपूर्ण हैं। हालांकि, वास्तविक स्वास्थ्य सेवा केवल बीमार होने पर चिकित्सा उपचार की मांग करना नहीं है। वास्तव में प्रकृति हमारी सबसे घनिष्ठ मित्र है क्योंकि हम स्वयं प्रकृति हैं। इसलिए समग्र स्वास्थ्य के लिए प्रकृति के साथ तालमेल बिठाना सबसे जरूरी है। प्रकृति से जुड़े बिना और उसके आशीर्वाद के बिना समग्र स्वास्थ्य असंभव है।”
अम्मा कहती हैं, “यदि हम उन अत्याचारों का स्थायी समाधान चाहते हैं, जिनका मानवजाति आज सामना कर रही है और भविष्य में जिनका सामना करना पड़ेगा, तो हमें अपने आंतरिक वातावरण को बदलने के लिए तैयार रहना चाहिए। हम जिस गंभीर मानसिक वातावरण का अनुभव कर रहे हैं, जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग उसकी केवल बाहरी अभिव्यक्तियाँ हैं। आइए हम सब विश्व कल्याण के लिए निःस्वार्थ भाव से कार्य करते रहें। यह दुनिया प्यार में एकजुट होकर एक परिवार के रूप में विकसित और समृद्ध हो।”
C20 के वर्किंग ग्रुप इंटीग्रेटेड होलिस्टिक हेल्थ की कोर्डिनेटर अमृता अस्पताल की डॉ. प्रिया नायर ने कहा, “कोविड19 के बावजूद भी इस्केमिक हृदय रोग, स्ट्रोक, दुर्दमता और पुरानी सांस की बीमारियां मृत्यु दर और रुग्णता के प्रमुख कारण बने हुए हैं। इस पृष्ठभूमि के साथ, C20 के वर्किंग ग्रुप इंटीग्रेटिव होलिस्टिक हेल्थ ने संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) से जुड़े सात डोमेन का चयन किया है, जो डब्ल्यूएचओ के एफटीसीटी और एमपावर (MPOWER) के साथ 13 एसडीजी लक्ष्यों में से 12 को संबोधित करते हैं। वर्किंग ग्रुप का लक्ष्य है मानसिक स्वास्थ्य, महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, गैर-संचारी रोग, एक स्वास्थ्य, बुजुर्गों की देखभाल और जीवन के अंत की देखभाल और समग्र स्वास्थ्य (योग और ध्यान सहित चिकित्सा के पारंपरिक और वैकल्पिक रूप) के क्षेत्र में प्रमुख स्वास्थ्य चुनौतियों की पहचान करना, स्पष्ट करना, चर्चा करना और उनका समाधान करना है। यह बड़े पैमाने पर समाज के लाभ के लिए समान मुद्दों से निपटने के लिए नीतिगत ढांचे को तैयार करने में सहायता करेगा। हमारा लक्ष्य “सभी के लिए स्वास्थ्य” शब्द को फिर से परिभाषित करना है, साथ ही वर्तमान वैश्विक स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों में कमियों पर प्रकाश डालना है।”
एकीकृत समग्र स्वास्थ्य पर कार्य समूह की ऑनलाइन नीति घटनाओं के दौरान आयोजित प्रारंभिक चर्चा फरीदाबाद में दो दिनों तक चलेगी, क्योंकि प्रतिभागियों ने अवधारणा के प्रमाण के रूप में सर्वोत्तम अभ्यास (उदहारण) के उदाहरणों के साथ समाधानों की सूची को फाइनल करेंगे। ये चर्चाएँ एक वेल-राउंडेड पॉलिसी पैक का मसौदा तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगी और जुलाई 2023 में C20 शिखर सम्मेलन में शुरू की जाने वाली नीतिगत सिफारिशों को सीधे प्रभावित करेंगी।
G20 (20 का समूह) एक मंच है, जिसमें 19 देश और यूरोपीय संघ शामिल हैं। यह वैश्विक अर्थव्यवस्था से संबंधित प्रमुख मुद्दों को संबोधित करने के लिए काम करता है। C20 दुनिया भर के नागरिक समाज संगठनों (CSO) को G20 में विश्व नेताओं के लिए लोगों की आकांक्षाओं को आवाज़ देने के लिए एक मंच प्रदान करता है।
